राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं को और आधुनिक एवं सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत प्राइमस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल अपने नए अत्याधुनिक OPD विंग का उद्घाटन करने जा रहा है। यह उद्घाटन मंगलवार, 2 जून को चाणक्यपुरी स्थित अस्पताल परिसर में आयोजित होगा, जिसमें दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आपको बता दें, सुबह 10:30 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को राजधानी के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्राइमस अस्पताल द्वारा विकसित यह नया OPD विंग मरीजों को बेहतर, तेज और अधिक सुविधाजनक बाह्य रोगी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, जो भारत के पूर्व अमेरिकी राजदूत भी रह चुके हैं, प्रशासनिक दक्षता और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए जाने जाते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक शहरी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में उनकी प्राथमिकताओं को देखते हुए इस कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
Read Also: हरियाणा CM नायब सैनी बोले- डबल इंजन सरकार धानक समाज के सम्मान की प्रहरी
नई दिल्ली के राजनयिक क्षेत्र चाणक्यपुरी में स्थित प्राइमस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल 210 बेड वाला एनएबीएच मान्यता प्राप्त मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल है। अस्पताल आधुनिक चिकित्सा तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों और मरीज केंद्रित सेवाओं के लिए देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखता है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, नया OPD विंग मरीजों की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिससे मरीजों का प्रतीक्षा समय कम होगा और उन्हें एक ही स्थान पर बेहतर चिकित्सा परामर्श एवं जांच सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्राइमस अस्पताल कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, इंटरनल मेडिसिन, प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, डर्मेटोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, फिजियोथेरेपी और इमरजेंसी सेवाओं सहित अनेक चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करता है।
Read Also: चंडीगढ़ में सिख संगत के कार्यक्रम में CM नायब सिंह सैनी बोले- सिख समाज की कुर्बानियों पर पूरे देश को गर्व
प्राइमस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक नितिन देवान ने कहा कि नया OPD विंग अस्पताल की विश्वस्तरीय एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य मरीजों को आधुनिक तकनीक और मानवीय देखभाल के साथ बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। गौरतलब है कि प्राइमस अस्पताल नई दिल्ली स्थित 100 से अधिक दूतावासों और उच्चायोगों के राजनयिकों एवं उनके परिवारों को भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, जिसके कारण यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक विश्वसनीय स्वास्थ्य संस्थान के रूप में स्थापित हो चुका है। OPD
