Haryana- इंडिया-स्वीडन इनोवेशन डे 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री, स्मार्ट मोबिलिटी, जल संरक्षण और ग्रीन एनर्जी में साझेदारी का दिया प्रस्ताव
News Desk : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में आयोजित इंडिया-स्वीडन इनोवेशन डे 2026 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, तकनीक, नवाचार और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में निवेश और विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने स्वीडिश कंपनियों को राज्य में निवेश करने और नई परियोजनाओं में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया।
Read Also: Haryana में निवेश बढ़ाने के लिए CM नायब सैनी की स्वीडन के मंत्री बेंजामिन दौसा से मुलाकात
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और स्वीडन के संबंध विश्वास, नवाचार और साझा जिम्मेदारी पर आधारित हैं। मई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन की मुलाकात के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। नायब सिंह सैनी ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार वर्ष 2016 के 2.86 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर वर्ष 2025 में 7.75 अरब डॉलर तक पहुंच गया। उन्होंने गुरुग्राम में IKEA की प्रस्तावित 3,500 करोड़ रुपये की एकीकृत परियोजना, झज्जर की MET सिटी में स्वीडिश कंपनी साब के कार्ल गुस्ताफ विनिर्माण संयंत्र और फरीदाबाद में ABB की विनिर्माण इकाई का उल्लेख करते हुए इन्हें औद्योगिक सहयोग के उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मेक इन इंडिया और मेड विद स्वीडन की साझा सोच को आगे बढ़ाती हैं।
Read Also: Sweden Visit: CM नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में स्वीडन पहुंचा हरियाणा का डेलीगेशन
स्टॉकहोम में आयोजित भारत-स्वीडन सतत शहरी विकास राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने स्मार्ट मोबिलिटी, जल संरक्षण, ग्रीन एनर्जी और टिकाऊ शहरी नियोजन में सहयोग का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप, गुरुग्राम की ग्लोबल सिटी और केएमपी एक्सप्रेस-वे के आसपास पांच नए शहरों के विकास में स्वीडिश कंपनियों के लिए अवसर मौजूद हैं। उन्होंने स्मार्ट शहरों के विकास में स्वीडन के अनुभव का लाभ उठाने और हैमरबी स्यो-स्ताद तथा वेस्टर्न हार्बर जैसे टिकाऊ शहरी विकास के उदाहरणों से सीखने की बात कही। मुख्यमंत्री ने स्वीडन के प्रतिनिधियों को हरियाणा में आयोजित होने वाले हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 और कुरुक्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। इस दौरान स्वीडन के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और भारत के स्वीडन में राजदूत अनुराग भूषण भी मौजूद रहे।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

