IPL 2020, हैदराबाद बनाम पंजाब: 22वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने 69 रनों से दर्ज की जीत

दुबई। इंडियन प्रीमियर लीग 2020 का 22वां मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने किंग्स इलेवन पंजाब को 69 रनों से हराकर जीत दर्ज की है और अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं जॉनी बेयरस्टो को 97 रनों की शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया है।


आपको बता दें, इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए । इस तरह से सनराइजर्स हैदराबाद ने किंग्स इलेवन पंजाब के सामने जीत के लिए 202 रन का लक्ष्य रखा। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए जॉनी बेयरस्टो और डेविड वॉर्नर ने शानदार पारी खेली। पहले विकेट के लिए दोनों ने 160 रनों की जबरदस्त साझेदारी निभाई। जॉनी बेयरस्टो ने सिर्फ 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था, लेकिन अभाग्यशाली रहे कि शतक नहीं बना सके और 55 गेंदों में 7 चौके और 6 छक्कों की मदद से 97 रन बनाकर आउट हो गए। डेविड वॉर्नर ने 37 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 40 गेंदों में 52 रन बनाए।

इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद से मिले 202 रन के लक्ष्य को हासिल करने मैदान पर उतरी किंग्स इलेवन पंजाब 16.5 ओवर में ही ऑल आउट हो गई और मात्र 132 रन ही बना सकी। पंजाब की ओर से निकोलस पूरन ने 77 रन की शानदार पारी खेली लेकिन कोई भी दूसरा बल्लेबाज उनका साथ नहीं निभा पाया। इस तरह से सनराइजर्स हैदराबाद ने 69 रनों से 22 वां मैच जीत लिया है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *