राम मंदिर निर्माण के लिए करणी सेना देश भर के 300 जिलों में करेगी हवन यज्ञ

राम नगरी अयोध्या में प्रभु श्री राम मंदिर के भूमि पूजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। देशभर में खुशी का माहौल है और इस ऐतिहासिक आयोजन पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अगस्त को पहले हनुमान गढ़ी में पूजा और परिक्रमा करेंगे उसके बाद श्री राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन। भूमि पूजन के लिए देश के विभिन्न राज्यों से जल और मिट्टी अयोध्या पहुंच चुकी है। इस बीच मंगलवार को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने ऐलान किया है कि राम मंदिर निर्माण के लिए करणी सेना देश भर के 300 जिलों में हवन यज्ञ करेगी।

प्रेस वार्ता करते हुए करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने कहा कि करणी सेना राम मंदिर निर्माण के लिए बुधवार को देश भर के 300 जिलों में हवन यज्ञ करेगी। करणी सेना दिल्ली से राम मंदिर निर्माण के लिए हवन यज्ञ की शुरुआत करेगी। 500 वर्षों के बाद राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास की शुभ घड़ी आई है। सही मायने में तो 5 अगस्त दीपावली पूजन का शुभ मुहूर्त है, क्योंकि भगवान राम 14 वर्ष के वनवास नहीं बल्कि 500 वर्षों के बाद अपनी जन्मभूमि पर लौटेंगे।

5 अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की नींव रखी जाने को लेकर शहरवासियों में भी खासा उत्साह है तो इस तरह हिंदू संगठन के लोग भी इस दिवस को दीपावली की तरह ही उत्सव के रूप में मना रहे हैं वहीं करणी सेना भी राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के 300 जिलों में हवन यज्ञ कर रही है।

सूरजपाल अम्मू ने कहा अब देश में रामराज्य की शुरुआत हो गई है जिस शुरुआत के लिए पूरा देश लंबे अरसे से इंतजार कर रहा था और अब वह पूरा होने वाला है। क्योंकि 5 अगस्त को अयोध्या में राम जन्मभूमि का शिलान्यास होगा। अयोध्या में राम मंदिर बनने का वर्षों से इंतजार अब खत्म हो रहा है। 5 अगस्त को घरों में दीपक जलाने की भी तैयारी चल रही है और शहर भर में राम भजन का कीर्तन कर वातावरण को भी राममय बनाने की तैयारी की जा रही है ।

सूरजपाल अम्मू ने इसके साथ ही ओवैसी पर भी निशाना साधा और कहा कि ओवैसी जैसे लोग देशद्रोही हैं जो कानून और सर्वोच्च न्यायालय को नहीं मानते हैं। यह खाते हिंदुस्तान की है और गाते पाकिस्तान की। ओवैसी पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.