पहलगाम आतंकी हमले पर बोले खरगे- यह देश की एकता और अखंडता पर कायरतापूर्ण हमला

Pahalgam Attack: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे देश की एकता और अखंडता पर कायरतापूर्ण हमला बताया है। उन्होंने केंद्र सरकार से आतंकवादियों को ढूंढ़ निकालने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाने का आग्रह करते हुए कहा कि हमें इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देना होगा।

Read also-जम्मू कश्मीर में तबाही के बाद राहत कार्य जारी, राजमार्ग बंद होने से कारोबार पर असर

कर्नाटक के बेंगलुरु में पत्रकार वार्ता करते हुए खरगे ने कहा कि निर्दोष पर्यटकों की हत्या से हमें गहरा दुःख और सदमा पहुंचा है। निर्दोष और निहत्थे नागरिकों को मारने वाले इंसान नहीं हो सकते।
खरगे ने उनकी गृहमंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की भी जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि इस विषय पर चर्चा के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक भी होगी। उन्होंने कहा कि इस मामले पर हम सब एक हैं। हमें आतंकवादियों के खिलाफ एकजुट होना होगा। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, इस नरसंहार में मारे गए पर्यटकों को न्याय दिलाने का है।
उन्होंने कहा कि एक पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। हमें इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देना होगा।
सरकार को आगाह करते हुए खरगे ने कहा कि कुछ ही दिनों में अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है और हर साल लाखों पर्यटक इसमें हिस्सा लेते हैं। पहले भी यात्रा के दौरान इस तरह के हमले हो चुके हैं। इसलिए यात्रियों की सुरक्षा को पुख्ता किया जाना चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटक जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था और वहां के लोगों की आय का सबसे बड़ा जरिया हैं। इस हमले से इस वर्ष स्थानीय अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को उनकी मदद करनी चाहिए और जम्मू कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था में पर्यटकों का भरोसा बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी दलों से सलाह लेने का भी सुझाव दिया। उन्होंने अपेक्षा जताई कि पहलगाम हमले से संबंधित जब जरूरी कार्रवाई हो जाए और पूरी जानकारी मिल जाए तो, सरकार सभी राजनीतिक दलों को विश्वास में लेकर आतंकवाद की चुनौती से निपटने के बारे में चर्चा करेगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार के साथ समन्वय, सहयोग और साझेदारी करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने समय-समय पर आतंकवाद व अलगाववाद का डटकर मुकाबला किया है और इसके खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने अपने जीवन की आहुति भी दी है।इस दौरान उनके साथ मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा, कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कांग्रेस महासचिव सैयद नासिर हुसैन भी मौजूद रहे।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *