Sikkim: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सिक्किम के 51वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की जनता को बधाई दी और कहा कि भारत के विकास में राज्य के योगदान को केंद्र सरकार ‘‘अत्यंत महत्व’’ देती है। मोदी ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग को लिखे पत्र में सिक्किम के पर्यटन, आर्थिक विकास के लिए समर्थन और सहयोग देने का वादा किया। सिक्किम 1975 में भारत का 22वां राज्य बना था।Sikkim
राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सिक्किम के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ, सिक्किम राष्ट्र के लिए सतत विकास का एक आदर्श है। सिक्किम के लोग अपने सौहार्द, सादगी और सद्भाव की भावना के लिए जाने जाते हैं। राज्य और यहां के लोग हमेशा समृद्ध रहें।”Sikkim
Read Also-नीट में कंप्यूटर आधारित परीक्षा से ‘कमजोरियां’ दूर हो सकेंगी- पूर्व यूजीसी अध्यक्ष एम. जगदीश कुमार
तमांग ने 51वें स्थापना दिवस के अवसर पर जनता को बधाई दी और कहा कि सिक्किम सतत विकास और सामाजिक सद्भाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से देश को प्रेरित करता रहा है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर को ‘पवित्र व आनंदमय’ बताया और कहा कि इस वर्ष सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना समारोह के समापन के कारण इसका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिक्किम की पिछले पांच दशकों की उल्लेखनीय यात्रा पर गर्व से नजर डालने का अवसर प्रदान करती है। प्रधानमंत्री ने कहा, “राज्य स्थापना दिवस पर मेरे सभी बहनों और भाइयों को हार्दिक बधाई। भारत के विकास में सिक्किम का योगदान अमूल्य है। राज्य की जनता के अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करता हूं।”Sikkim
मोदी ने राज्य की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए पत्र में लिखा कि सिक्किम ने अपनी निरंतर प्रगति, जीवंत सांस्कृतिक भावना, पर्यावरण संबंधी बुद्धिमत्ता और प्रेरणादायक सामाजिक सद्भाव के माध्यम से लोगों के दिलों में एक विशेष स्थान बना लिया है। प्रधानमंत्री ने स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान राज्य की अपनी हालिया यात्रा को याद करते हुए कहा कि सिक्किम के लोगों द्वारा दिखाए गए स्नेह और प्रेम से वह अत्यंत प्रभावित हुए।Sikkim
उन्होंने गंगटोक में भव्य रोड शो और सिक्किम की महिलाओं व युवाओं के साथ हुई बातचीत को स्नेहपूर्वक याद किया और कहा कि उनके आशीर्वाद व ऊर्जा ने उन पर अमिट छाप छोड़ी है। मोदी ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रयास जारी रखेगी ताकि युवा खिलाड़ियों को अधिक सहयोग मिल सके।Sikkim
Read Also-पंजाब में बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे को बचाया गया, करीब नौ घंटे चला बचाव अभियान
प्रधानमंत्री ने सिक्किम में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभाव को रेखांकित किया, जिनमें जल जीवन मिशन, पीएम आवास योजना, स्वास्थ्य सेवा पहल और सड़क संपर्क शामिल हैं। उन्होंने ‘स्वदेश दर्शन’ और ‘प्रसाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
मोदी ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष सिक्किम के विकास में एक महत्वपूर्ण अध्याय होंगे क्योंकि राज्य भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने के साथ-साथ राज्य के रूप में 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं पर आधारित दीर्घकालिक विकास योजना का आह्वान किया और केंद्र की ओर से निरंतर समर्थन व सहयोग का आश्वासन दिया।Sikkim
