दिल्ली के बुराड़ी इलाके में महज 20 रुपए के लिए युवक की बेरहमी से हत्या

दिल्ली। (रिपोर्ट- हर्षित मिश्रा) दिल्ली के बुराड़ी इलाके में महज 20 रुपए के लिए युवक की बेरहमी से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या की गई। बुराड़ी थाना इलाके के संत नगर में 13 साल के बच्चे के सामने उसके पिता की बेरहमी से पिटाई और हत्या करने का मामला सामने आया है।

देश की राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 20 रुपये के विवाद में 13 साल के बेटे के सामने उसके पिता की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। 38 साल का रुपेश संत नगर इलाके में पत्नी हेमलता और चार बच्चों के साथ रहता था। रूपेश रात को घर के पास स्थित संतोष और सरोज नाम के भाईयों के सैलून में दाढ़ी और बाल बनवाने गया। हजामत होने के बाद संतोष ने पचास रुपये मांगे तो रुपेश ने सिर्फ तीस रुपये दिए और बाकी बाद में देने की बात कही। महज 20 रुपये को लेकर बात इतनी बढ़ गई कि संतोष और सरोज ने दुकान में रखी प्लास्टिक की पाइप से रुपेश की पिटाई करनी शुरू कर दी।

इस मामले में मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। एक बच्चा अपने पिता को छोड़ने की गुहार लगाता रहा लेकिन दबंगों ने एक ना सुनी। इस दौरान कई लोग वहां खड़े तो होते हैं लेकिन कोई बचाने की कोशिश तक नहीं करता है। मारपीट में घायल रूपेश को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, मगर वहां डॉक्टरों ने रूपेश को मृत घोषित कर दिया।

रूपेश की मौत के बाद से ही पूरा परिवार सदमे में है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। आज बच्चे अपने पिता की तस्वीर को सीने से लगाकर याद कर रहे हैं और किसी को भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। महज 20 रुपए के विवाद के चलते नाई की दुकान चला रहे दो रिश्तेदारों ने रूपेश की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.