कृषि संबंधी तीनों बिलों पर किसानों का विरोध जारी, आगे की रणनीति के लिए कुरुक्षेत्र में होगी किसान संगठनों की बैठक

कुरुक्षेत्र। (रिपोर्ट- राजीव अरोरा) हरियाणा में कृषि संबंधी तीनों बिलों के विरोध में किसान संगठनों का सरकार के खिलाफ हल्ला बोल जारी है। एक ओर जहां रविवार को बरोदा हलके में हुई किसान पंचायत में किसानों ने आगामी विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी को वोट ना करने का फैसला लिया है, वहीं दूसरी ओर किसान संगठन आगे की रणनीति बनाने में लगे हैं। भारतीय किसान यूनियन प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कृषि संबंधी तीनों बिलों के विरोध में एक वीडियो जारी कर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में होने वाली आगामी बैठक की जानकारी दी है।

आपको बता दें, रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी संसद से पारित तीनों कृषि विधेयकों को मंजूरी दे दी है। वहीं भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि देश के सभी किसान संगठनों की बैठक धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में 8 अक्टूबर को होगी। उस बैठक में आगामी रणनीति का खुलासा भी होगा।

इस समय हरियाणा और पंजाब में किसान कृषि संबंधी तीनों बिलों को रद्द करवाने के लिए दिन-प्रतिदिन आंदोलन कर रहे हैं। यहां तक कि पंजाब में तो किसानों ने रेलवे ट्रैक जाम किया हुआ है। कोई दिन ऐसा नहीं कि जिस दिन किसान अध्यादेश को रद्द करवाने को लेकर धरना प्रदर्शन ना कर रहे हों।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने ऐलान किया है कि 8 अक्टूबर को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की कंबोज धर्मशाला में देश के सभी किसान संगठनों की बैठक होगी और उसके बाद इन तीनों कृषि बिलों एवं सरकार के खिलाफ आगामी रणनीति पर बड़ा खुलासा किया जाएगा। इसके दूसरी ओर विपक्ष भी इस मसले पर खूब सियासी रोटियां सेंकने में लगा हुआ है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.