सरकारी सर्वेक्षण: अप्रैल में छह महीने के उच्च स्तर 5.2 प्रतिशत पर पहुंची बेरोजगारी दर

देश में 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए बेरोजगारी दर बढ़कर अप्रैल महीने में 5.2 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो छह महीने का उच्च स्तर है। शुक्रवार को जारी निश्चित अवधि पर होने वाले श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।

सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की तरफ से जारी पीएलएफएस मासिक बुलेटिन के मुताबिक, देश में बेरोजगारी दर का पिछला उच्च स्तर अक्टूबर 2025 में भी 5.2 प्रतिशत दर्ज किया गया था। बेरोजगारी दर मार्च, 2026 और अप्रैल, 2025 दोनों महीनों में 5.1 प्रतिशत पर रही थी। शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर अप्रैल 2026 में मामूली रूप से घटकर 6.6 प्रतिशत रह गई, जबकि मार्च में यह 6.8 प्रतिशत थी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में यह बढ़कर 4.6 प्रतिशत हो गई, जो एक माह पहले 4.3 प्रतिशत थी। पुरुषों में बेरोजगारी की दर अप्रैल महीने में 5.1 प्रतिशत रही, जो मार्च में पांच प्रतिशत और अप्रैल 2025 में 5.2 प्रतिशत थी।

Read Also: पीएम मोदी की 5 देशों की विदेश यात्रा आज से शुरू हुई,UAE पहुँचे पीएम मोदी की राष्ट्रपति नहयान से हुई मुलाकात

ग्रामीण पुरुषों में बेरोजगारी दर 4.7 प्रतिशत रही, जो मार्च में 4.4 प्रतिशत थी। शहरी पुरुषों में यह घटकर 5.9 प्रतिशत रह गई, जो मार्च में 6.1 प्रतिशत थी। महिलाओं में बेरोजगारी की दर अप्रैल में बढ़कर 5.4 प्रतिशत हो गई, जो मार्च में 5.3 प्रतिशत और अप्रैल 2025 में पांच प्रतिशत थी। ग्रामीण महिलाओं में यह घटकर 4.1 प्रतिशत रह गई, जबकि मार्च में यह 4.4 प्रतिशत थी। वहीं, शहरी महिलाओं में बेरोजगारी घटकर 8.5 प्रतिशत रह गई, जो मार्च में नौ प्रतिशत थी। मंत्रालय ने कहा कि देश में श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) अप्रैल 2026 में घटकर 55 प्रतिशत रह गई, जो मार्च में 55.4 प्रतिशत और अप्रैल 2025 में 55.6 प्रतिशत थी।

ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी की दर 57.5 प्रतिशत रही जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 50.1 प्रतिशत रही। महिला श्रम बल भागीदारी दर अप्रैल 2026 में 33.9 प्रतिशत रही, जबकि मार्च में यह 34.4 प्रतिशत और अप्रैल 2025 में 34.2 प्रतिशत थी। ग्रामीण महिलाओं में यह 38.2 प्रतिशत और शहरी महिलाओं में 25 प्रतिशत दर्ज की गई। श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) अप्रैल 2026 में घटकर 52.2 प्रतिशत रह गया, जो मार्च में 52.6 प्रतिशत और अप्रैल 2025 में 52.8 प्रतिशत था। ग्रामीण क्षेत्रों में यह 54.9 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 46.8 प्रतिशत रहा।

राष्ट्रीय स्तर पर सर्वेक्षण के लिए अप्रैल 2026 के अनुमान 3,74,243 लोगों से जुटाई गई जानकारी पर आधारित हैं। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक के मासिक श्रमबल बुलेटिन पहले ही जारी किए जा चुके हैं। अप्रैल 2026 का यह मौजूदा मासिक बुलेटिन इस श्रृंखला का 13वां संस्करण है।

Top Hindi NewsLatest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi FacebookDelhi twitter and Also Haryana FacebookHaryana Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *