CBI के बाद अब NCB ने की रिया चक्रवर्ती से घंटों पूछताछ, सोमवार को फिर बुलाया जा सकता

मुंबई। सुशांत राजपूत केस में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती की मुश्किलें कम होने का नाम तो लेती नहीं दिख रहीं, लेकिन मुश्किलें बढ़ जरूर सकती हैं। एक ओर सीबीआई ने इस मामले में शिकंजा कस रखा है तो वहीं ड्रग्स के मामले में भी रिया फंसती नजर आ रही हैं। एनसीबी ने आज रिया से करीब 6 घंटे से ज्यादा पूछताछ की है और कल यानी सोमवार को फिर से बुलाया है।

आपको बता दें, सुशांत की मौत मामले में ड्रग्स का ऐंगल सामने आने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) भी काफी एक्शन मोड में आ गई है। एक के बाद एक गिरफ्तारियां कर रही है और कुछ दफन राज उगलवाने के लिए आरोपियों को रिमांड पर भी ले रही है। एनसीबी ने बीते 36 घंटे के अंदर तीन गिरफ्तारी की हैं। इन तीन लोगों में सुशांत के स्टाफ मेंबर रहे दीपेश सावंत को भी गिरफ्तार करने के बाद रविवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दीपेश सावंत को भी 9 सितंबर तक एनसीबी की रिमांड में भेज दिया है। वहीं, दीपेश ने रिया को लेकर बड़ा खुलासा किया है। वहीं इससे पहले सीबीआई भी रिया चक्रवर्ती से पूछताछ कर चुकी है।

ताजा जानकारी के मुताबिक, एनसीबी की रिमांड में आए दीपेश सावंत के खुलासे के बाद रिया चक्रवर्ती को रविवार शाम पूछताछ के लिए बुलाया गया। एनसीबी ने ड्रग्स मामले में रिया से करीब 6 घंटे से ज्यादा पूछताछ की है, इस दौरान उससे कई सवाल किए गए। एनसीबी अधिकारियों के मुताबिक रिया को सोमवार को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। इससे लग रहा है कि अब रिया चक्रवर्ती पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

गौरतलब है, ड्रग्स के मामले में रिया का भाई शोविक चक्रवर्ती और सुशांत राजपूत का मैनेजर सैमुअल मिरांडा पहले से ही 9 सितंबर तक एनसीबी की रिमांड पर है। वहीं अब ड्रग सिंडिकेट का एक्टिव मेंबर दीपेश सावंत भी रिया की मुश्किलें बढ़ा रहा है। एनसीबी पूछताछ में उसने कबूल किया है कि उसने रिया के कहने पर ही ड्रग्स खरीदे थे।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.