French Open- राफेल नडाल ने साबित किया कि क्यों उन्हें कहा जाता है ‘King Of Clay’

नोएडा– राफेल नडाल ने रविवार को खेले गए फ्रेंच ओपन के मेन्स फाइनल मुकाबले में नोवाक जोकोविच को एकतरफा मात दी। इस मुकाबले में वर्ल्ड नंबर 2 नडाल ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच को 6-0, 6-2, 7-5 से हराकर 13वीं बार फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल का खिताब जीता और साबित कर दिया कि क्यों उन्हें क्ले कोर्ट का बादशाह (King Of Clay Court) कहा जाता है।


बता दें कि ये नौवां ऐसा मौका था जब ग्रैंडस्लैम फाइनल में ये दोनों खिलाड़ी आमने-सामने थे और इस तरह इन्होंने नडाल और फेडरर के बीच सबसे अधिक ग्रैंडस्लैम फाइनल मुकाबलों की बराबरी की। जोकोविच ने नडाल के खिलाफ पिछले 18 में से 14 मुकाबले जीते हैं और कुल मुकाबलों के मामले में 29-26 से आगे हैं।

रोजर फेडरर के बराबर पहुंचे नडाल

वहीं 2020 का फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम करने के बाद स्पेनिश खिलाड़ी ने रोजर फेडरर के 20 ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। इससे पहले पुरुष एकल में सबसे अधिक ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने का रिकॉर्ड फेडरर के नाम था।

‘किंग ऑफ क्ले’ की फ्रेंच ओपन में 100वीं जीत

राफेल नडाल ने क्ले कोर्ट पर अपनी बादशाहत को साबित करते हुए फ्रेंच ओपन 2020 का खिताबी मुकाबला जीत कर इस टूर्नामेंट के इतिहास में अपनी 100वीं जीत दर्ज की। इस ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल में नडाल का रिकॉर्ड 26-0 हो गया है। वहीं पेरिस में नडाल की यह लगातार चौथी खिताबी जीत है।

नडाल ने कब-कब जीता कौन सा ग्रैंडस्लैम खिताब?

स्पेनिश दिग्गज राफेल नडाल ने 2017-20 तक लगातार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता है। इससे पहले उन्होंने 2005-08 के बीच लगातार चार और फिर 2010-14 के बीच लगातार पांच बार फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। इसके अलावा वह चार बार अमेरिकी ओपन, दो बार विंबडलन और एक बार ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब भी जीत चुके हैं।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *