भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह बरकरार

रायपुर। (रिपोर्ट- नीरज तिवारी) भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा ने आठ महीने बाद अब अपनी पहली कार्यकारिणी गठित की है। इस कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ से सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को जगह मिली है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में डॉ. रमन सिंह का पद बरकरार रखा है, वहीं राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय और रामविचार नेताम को कार्यकारिणी से हटाया गया है। बता दें कि पिछली कार्यकारिणी में डॉ. सरोज पांडेय भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव और महाराष्ट्र की प्रभारी थी।

दरअसल, रमन सिंह 1990 और 1993 में मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। उसके बाद 1999 में वे लोकसभा के सदस्य चुने गये। 1999 और 2003 में उन्होंने भारत सरकार में राज्य मंत्री का भी पद संभाला। 2004 में छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा के चुनाव में उन्होंने छत्तीसगढ़ में भाजपा का प्रतिनिधित्व किया और सफलता पाई। वे छत्तीसगढ़ के प्रथम निर्वाचित मुख्यमंत्री चुने गए। 2008 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने फिर से सफलता पाई और राज्य के पुनः मुख्यमंत्री बने। तीसरी बार वे 2013 में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री चुने गये। इसके बाद 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी तब से डॉ. रमन संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं।

आपको बता दें, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी नई टीम की घोषणा की है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्‍तीसगढ़ के पूर्व मुख्‍यमंत्री रमन सिंह, राजस्‍थान की पूर्व मुख्‍यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास और पश्चिम बंगाल में भाजपा के चर्चित चेहरे मुकुल रॉय को राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष के तौर पर बड़ी जिम्‍मेदारी मिली है। वहीं बिहार में जहां आगामी विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं वहां से सांसद राधा मोहन सिंह को भी राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष का पद सौंपा गया है। अगर इस लिस्ट के बड़े बदलाव की बात करें तो इस लिस्ट में सबसे बड़ा बदलाव राम माधव और मुरलीधर राव को जनरल सेक्रेटरी पद से हटाया गया है। जबकि युवा सांसद तेजस्वी सूर्या जैसे नेताओं को संगठन में मौका दिया गया है। तेजस्वी सूर्या को पार्टी के युवा मोर्चा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.