अपने पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नड्डा को 13 अगस्त के राज्यसभा आश्वासन की याद दिलाई। खरगे ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को FIR के निर्देश देने की मांग की है।
दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी के ‘शुद्धिकरण’ विवाद को लेकर केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। 2 सितंबर को लिखे पत्र में खरगे ने मांग की है कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस मामले में FIR दर्ज कराने के लिए निर्देश दिए जाएं। मामला 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर हुए ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान से जुड़ा है। खरगे ने 13 अगस्त को राज्यसभा में भी यह मुद्दा उठाया था और इसे छुआछूत तथा जातिगत भेदभाव से जोड़ा था।
Read Also-PM मोदी-बेल्जियम PM वेवर की अहम मुलाकात, रक्षा-व्यापार से सेमीकंडक्टर तक कई समझौते
अपने पत्र में खरगे ने नड्डा के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। खरगे के मुताबिक, घटना के 24 दिन बाद भी जिम्मेदार व्यक्तियों या संगठनों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने इसे लेकर हैरानी जताई और कहा कि मामला केवल एक व्यक्ति से जुड़ा नहीं, बल्कि सामाजिक बराबरी और संवैधानिक मूल्यों से संबंधित है। खरगे ने अपने पत्र में यह भी कहा कि किसी स्थान को किसी व्यक्ति की मौजूदगी के बाद ‘शुद्ध’ करने की परंपरा छुआछूत की मानसिकता को दर्शाती है। हालांकि, इस घटना को लेकर बीजेपी ने पहले पार्टी का संबंध होने से इनकार किया था। उत्तराखंड के बीजेपी नेताओं ने भी कहा था कि आयोजन से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं था।
Read Also-राघव चड्ढा का नाम SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटा… चुनाव आयोग ने मांगा जवाब
इस बीच मामले ने एक नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। खरगे ने नड्डा से अपने राज्यसभा में दिए आश्वासन के अनुरूप उत्तराखंड सरकार को कार्रवाई के निर्देश देने की अपील की है। दूसरी ओर, इस विवाद के संदर्भ में
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में अलग से FIR दर्ज हो चुकी है, जो ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम का उल्लेख करने से जुड़ी है। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर हैं कि खरगे की मांग के बाद कथित शुद्धिकरण आयोजन में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस स्तर पर क्या कार्रवाई होती है।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter
