चंडीगढ़। हरियाणा में तेजी से उभरती हुई और बीजेपी के साथ गठबंधन कर प्रदेश की सरकार चला रही जननायक जनता पार्टी ने गणेश चतुर्थी के दिन अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नई लिस्ट जारी कर दी है। जेजेपी में संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है, इसी के चलते पहली लिस्ट में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 12 पदाधिकारियों और तीन प्रदेश अध्यक्षों के नामों का ऐलान हुआ है।
आपको बता दें, जननायक जनता पार्टी ने शनिवार देर शाम पहली लिस्ट जारी कर 12 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी और तीन प्रदेश अध्यक्षों के नामों का ऐलान किया है। पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए संगठन में बदलाव और विस्तार पर काम जारी है। इसी के चलते जेजेपी ने हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व डा. केसी बांगड़ को पार्टी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया है। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को जननायक जनता पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिली है। वहीं सोनीपत निवासी हरियाणा लोकसेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन डॉ. केसी बांगड़ जोकि नई जिम्मेदारी मिलने से पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव थे। वहीं सरदार निशान सिंह फिर से प्रदेशाध्यक्ष बने रहेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 12 सदस्यीय पदाधिकारियों की लिस्ट में दुष्यंत चौटाला और डॉ. केसी बांगड़ के अलावा साइबर सिटी गुरुग्राम निवासी अनंतराम तंवर को फिर पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही गुहला से विधायक ईश्वर सिंह, सोनीपत से तेलूराम जोगी, महेंद्रगढ़ से राव कंवर सिंह कलवाड़ी, पानीपत से फूलवती, पानीपत से पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान तथा पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को भी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जेजेपी ने सिरसा से राधेश्याम शर्मा को राष्ट्रीय प्रधान महासचिव, हिसार निवासी राजेंद्र लितानी को राष्ट्रीय संगठन सचिव और गुरुग्राम निवासी दलबीर सिंह धनखड़ को राष्ट्रीय प्रचार सचिव बनाया गया है।
इसके अलावा जननायक जनता पार्टी ने तीन प्रदेश अध्यक्षों के नामों का ऐलान भी किया है। जिसमें हरियाणा, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश शामिल है। हरियाणा में सरदार निशान सिंह पहले भी पार्टी प्रदेशाध्यक्ष थे और अब फिर से उन्हें यही जिम्मेदारी मिली है। इसके साथ ही जेजेपी ने दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश सहरावत को बनाया है और उत्तर प्रदेश का पार्टी प्रदेश अध्यक्ष आगरा निवासी चौधरी मोहिंद्र सिंह को बनाया है।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.

