राम मंदिर भूमि पूजन में शामिल होने छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने वाले इकलौते शख्स संत युधिष्ठिर

राम की नगरी अयोध्या में राम भक्तों के लंबे इंतजार के बाद श्री राम मंदिर भूमि पूजन 5 अगस्त को होने जा रहा है। अवध में भूमि पूजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर का भूमि पूजन करेंगे। राम मंदिर भूमिपूजन समारोह में शामिल होने के लिए कई लोगों को निमंत्रण भेजा गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ से इकलौते शख्स संत युधिष्ठिर को निमंत्रण मिला है।

आपको बता दें, राम मंदिर भूमिपूजन समारोह में सम्मिलित होने के लिए जिन्हें आमंत्रण मिला है, वो अयोध्या के लिए रवाना हो रहे हैं। राम मंदिर भूमि पूजन समारोह में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से एकमात्र संत युधिष्ठिर को न्यौता मिला है। इसके अलावा किसी को भी राम मंदिर भूमि पूजन समारोह का आमंत्रण नहीं मिला है। मंगलवार सुबह संत युधिष्ठिर रायपुर एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं।

अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि के भूमिपूजन में शामिल होने शदाणी दरबार के नवम पीठाधीश संत युधिष्ठिर लाल के अयोध्या रवाना होने पर डॉ. भीष्म शदाणी, ललित जैसिंघ, उदय शदाणी, सचिन मेघानी, विवेक जैन ने उन्हें बधाई दी है।

दरअसल अयोध्या में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देश भर से केवल 150 संतों को आमंत्रित किया गया है, जिसमें से छत्तीसगढ़ से अकेले संत युधिष्ठिर लाल को ही आमंत्रित किया गया है। इससे पहले संत युधिष्ठिर ने अपना कोरोना टेस्ट कराया था, उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।

रायपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर मंदिर हसौद के समीप ग्राम चंद्रखुरी में भगवान रामजी की माता कौशल्या का जन्म स्थल है, यानी छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है। इसीलिए बहुत वर्षों से विश्व हिंदू परिषद की उच्च अधिकार समिति से जुड़े हुए संत युधिष्ठिर लाल को ही राम मंदिर भूमि पूजन समारोह में शामिल होने का न्योता मिला है। राम मंदिर निर्माण कार्य के शुभारंभ को लेकर प्रभु श्रीराम के ननिहाल में जश्न की जोरदार तैयारियां चल रही है, वहीं रायपुर में एक लाख दियों का वितरण होगा। विधायक विकास उपाध्याय ने दिये वितरण का संकल्प लिया है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.