TRAI का नया नियम:डेटा इस्तेमाल नहीं करते तो अब सिर्फ कॉल और SMS के लिए चुन सकेंगे ज्यादा रिचार्ज विकल्प, हर महीने एक ही तारीख पर रिन्यू होने वाला प्लान भी देना होगा
News Desk: मोबाइल रिचार्ज को लेकर TRAI ने एक बड़ा बदलाव किया है। टेलीकॉम कंपनियों को अब ऐसे Voice और SMS-only Special Tariff Vouchers यानी STV उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें मोबाइल डेटा शामिल नहीं होगा। इसका फायदा खास तौर पर उन ग्राहकों को होगा जिन्हें इंटरनेट की जरूरत कम या बिल्कुल नहीं है। TRAI ने Telecom Consumers Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 जारी कर दिए हैं। हालांकि यह नियम तुरंत लागू नहीं होगा। नियम के मुताबिक इसे Official Gazette में प्रकाशित होने के 30 दिन बाद लागू किया जाएगा।
इस बदलाव को आसान भाषा में समझें तो अगर कोई कंपनी Voice, SMS और Data वाला कोई रिचार्ज 30 दिन या उससे कम की वैलिडिटी के साथ देती है, तो उसी अवधि के लिए Voice-SMS-only विकल्प भी उपलब्ध कराना होगा। यानी जिस ग्राहक को डेटा नहीं चाहिए, उसे डेटा वाले प्लान के लिए पैसे खर्च करने की मजबूरी कम होगी। TRAI ने यह भी कहा है कि बिना डेटा वाले इन प्लान की कीमत में डेटा हटाए जाने के हिसाब से उचित कमी होनी चाहिए। हालांकि TRAI ने कोई एक फिक्स कीमत तय नहीं की है। कंपनियां अपनी व्यावसायिक रणनीति के मुताबिक कीमत तय कर सकेंगी, लेकिन डेटा हटाने के बाद उचित कीमत में कमी करनी होगी।
नए नियम में महीने वाली वैलिडिटी को लेकर भी अहम प्रावधान है। टेलीकॉम कंपनियों को कम से कम एक ऐसा Voice-SMS-only प्लान देना होगा जिसे हर महीने उसी तारीख को दोबारा रिन्यू किया जा सके। अगर अगले महीने वह तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यूअल होगा। इसका मतलब यह नहीं है कि मौजूदा हर 28 दिन वाला रिचार्ज अपने आप 30 दिन का हो जाएगा। बल्कि ग्राहकों के सामने एक अतिरिक्त मासिक विकल्प उपलब्ध होगा। इसके साथ कंपनियों को लंबी अवधि वाला कम से कम एक Voice-SMS-only प्लान भी रखना होगा।
Read Also: Jamui Case के मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस से एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
क्यों लिया गया यह फैसला?
TRAI के मुताबिक पहले से Voice-SMS-only प्लान मौजूद थे, लेकिन इनके विकल्प काफी सीमित थे और ज्यादातर प्लान 80/84 दिन या 336/365 दिन जैसी लंबी वैलिडिटी वाले थे। छोटी अवधि के ऐसे प्लान उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में बुजुर्गों, फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों, ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों और कम डेटा इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए कम रकम में जरूरत के मुताबिक रिचार्ज चुनना मुश्किल था। TRAI ने इसी कमी को दूर करने के लिए छोटे और मासिक रिन्यूअल वाले विकल्प बढ़ाने का फैसला किया है।
Read Also: CCTV : गर्म सांबर के बर्तन में गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत; विजयवाड़ा की घटना का VIDEO सामने आया
क्या सभी रिचार्ज सस्ते हो जाएंगे?
नहीं। इस नियम का मतलब यह नहीं है कि Jio, Airtel या Vi के सभी मोबाइल रिचार्ज की कीमत कम हो जाएगी। जिन ग्राहकों को डेटा चाहिए और जो मौजूदा डेटा-बंडल प्लान इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए सीधे कीमत घटने का कोई आदेश नहीं है। बदलाव मुख्य रूप से उन ग्राहकों के लिए है जो सिर्फ कॉल और SMS चाहते हैं। मौजूदा Voice-SMS-Data वाले प्लान भी जारी रहेंगे और डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहक उन्हें पहले की तरह चुन सकेंगे।
Jio, Airtel और Vi पर क्या असर पड़ेगा?
नए नियम लागू होने के बाद बड़े टेलीकॉम ऑपरेटरों को अपने प्रीपेड प्लान में ज्यादा Voice-SMS-only विकल्प शामिल करने होंगे। इससे ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से रिचार्ज चुनने की आजादी मिलेगी। खास बात यह है कि TRAI ने कंपनियों से कोई एक कीमत तय करने को नहीं कहा है, इसलिए अलग-अलग ऑपरेटरों के प्लान और उनकी कीमतों में अंतर बना रह सकता है।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

