हाथरस पहुंचे AAP सांसद संजय सिंह पर फेंकी गई काली स्याही, जमकर हुआ हंगामा और योगी सरकार पर हमला

हाथरस। उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित हाथरस कांड को लेकर देश की सियासत गरमाई हुई है। आज हाथरस पहुंचे आप सांसद संजय सिंह और विधायक राखी बिड़लान पर काली स्याही फेंकी गई। परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने यूपी की योगी सरकार पर हमला बोला है।

आपको बता दें, आम आदमी पार्टी के कुछ अन्य नेताओं के साथ हाथरस पहुंचे सांसद संजय सिंह ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। संजय सिंह जब परिवार से मुलाकात करने के बाद बाहर निकले तो उनपर काली स्याही फेंकी गई। इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा भी किया।

इसके बाद संजय सिंह ने कहा कि पीड़िता के परिवार वाले डरे हुए हैं, पूरा गांव छावनी बना दिया गया है। वहीं उन्होंने सीबीआई जांच को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि सीबीआई ने केस टेकओवर नहीं किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा यहां पर किसी भी आदमी को आने नहीं दे रहे हैं। सब को डंडों से मार रहे हैं। योगी जी क्या कहना चाहते हैं, वह अपने आप को चौकीदार कहते थे। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की सरकार दरिंदों को बचाने में जुटी हुई है।

इसके अलावा संजय सिंह ने कहा कि 22 सितंबर की रिपोर्ट देखिए जिसमें साफ कहा जा रहा है कि बेटी का रेप हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि गुड़िया का बयान माना जाना चाहिए क्योंकि अपनी जान गंवाने से पहले उसने दरिंदों का नाम बताया है और उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह पर सियाही फेंके जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है कि ” संजय जी UP सरकार के अन्याय और अत्याचार के ख़िलाफ़ आप निडर हो कर बोलते रहे हैं। उन्होंने आप पर 14 FIR की, दफ़्तर सील किया पर आपको गिरफ़्तार करने की हिम्मत नहीं कर पाए तो आज हमला करवा दिया। ये UP सरकार में बैठे लोगों की पराजय और बदहवासी दिखाता है। इसका मतलब आप सही रास्ते पर हैं।”

इस मामले पर उत्तर प्रदेश आम आदमी पार्टी ने कहा कि “संजय सिंह जी पर जो स्याही फेंकी गई है उसी स्याही से योगी के काले कारनामों का काला इतिहास लिखा जाएगा।”

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *