प्रदीप कुमार की रिपोर्ट – यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच आज भारत के लिए भी दुखद खबर सामने आई है। यूक्रेन के दूसरे बड़े शहर खारकीव में रूस की गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की भी मौत हो गई। विदेश मंत्रालय की ओर से छात्र की मौत की जानकारी देते हुए दुख जताया गया। जानकारी के मुताबिक यूक्रेन में जान गवाने वाला छात्र नवीन शेखरअप्पा कर्नाटक का रहने वाला था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट कर कहा कि ”गहरे दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खारकीव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई। मंत्रालय उनके परिवार के संपर्क में है। हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”
Read Also दिल्ली का चिड़ियाघर खुला, बिके सारे टिकट
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे कहा कि विदेश सचिव रूस और यूक्रेन के राजदूतों को भारतीय नागरिकों के लिए तत्काल सुरक्षित मार्ग की हमारी मांग को दोहराने के लिए बुला रहे हैं, भारतीय अभी भी खारकीव और अन्य संघर्ष क्षेत्रों में शहरों में मौजूद हैं। इसी तरह की कार्रवाई रूस और यूक्रेन में हमारे राजदूतों द्वारा भी की जा रही है।”
इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सकुशल वापसी के लिए वायुसेना की मदद लेने का भी अहम निर्णय लिया गया है।
यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन गंगा में अब वायु सेना भी मदद करेगी। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय वायु सेना से भी इस अभियान में जुड़ने के लिए कहा है। इसके तहत वायु सेना के कई C-17 विमान ऑपरेशन गंगा के तहत उड़ान शुरू करेगे।
इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए बेहतर समन्वय के लिए नियुक्त किए गए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरण रिजिजू जनरल वीके सिंह और हरदीप पुरी भी यूक्रेन से सटे देशों में पहुंचकर भारतीयों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करेंगे।यूक्रेन से सटे देशों के लिए रवाना हुए इन मंत्रियों ने उम्मीद जताई है कि हर भारतीय सुरक्षित वतन वापस लौटेगा।
इधर यूक्रेन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी अहम मुलाकात की है। सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात का उद्देश्य राष्ट्रपति को यूक्रेन संकट से संबंधित सभी मुद्दों की जानकारी देना था।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.

