कोरोना के मद्देनजर 14 सितंबर को होगा दिल्ली विधान सभा का एकदिवसीय सत्र

दिल्ली। (रिपोर्ट- विश्वजीत झा) देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के खतरे को देखते हुए केजरीवाल कैबिनेट ने दिल्ली विधान सभा के एक दिन के सत्र को बुलाने की मंजूरी दी है। दिल्‍ली विधान सभा का एक दिवसीय सत्र 14 सितंबर को बुलाया गया है।

दिल्ली में कोरोना के फिर से बढ़ते प्रकोप को देखते हए कोरोना काल में दिल्ली विधान सभा के सत्र को भी छोटा किया गया है। विधायी कार्यों को पूरा करने के लिए सरकार ने 14 सितंबर को 1 दिन का सत्र बुलाया है। माना जा रहा है कि एक दिन के इस सत्र में सरकार अपने सभी पेंडिंग काम को पूरा करेगी। इस दौरान कई विधेयक पास होने की उम्मीद है। विधान सभा की ओर से जारी नोट में इसे सातवीं विधान सभा के प्रथम सत्र का चतुर्थ भाग कहा गया है।

आपको बता दें, कोरोना के मद्देनजर विधान सभा सत्र से पहले हर शख्स का कोरोना टेस्‍ट करवाया जाएगा। इसमें विधान सभा अध्‍यक्ष, मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत सभी मंत्री और विधायक होंगे। यहां काम करने वाले सभी स्‍टाफ को भी कोरोना टेस्‍ट से गुजरना होगा, ताकि सदन को कोरोना संक्रमण से बचाया जा सके।

दिल्ली में कुछ दिनों पहले ऐसा लग रहा था जैसे अब राजधानी में कोरोना पर शिकंजा कस गया हो, लेकिन बीते कुछ दिनों से कोरोना का आंकड़ा दिल्ली में फिर से रफ्तार पकड़ता दिख रहा है। यहां प्रतिदिन आने वाले कोरोना संक्रमित मामले जो कभी एक हजार के आंकड़े तक ही सिमट गए थे वो अब लगातार बढ़ रहे हैं। हर दिन ढाई से तीन हजार कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने के बाद से दिल्ली सरकार द्वारा कोविड टेस्टों को बढ़ाते हुए दोगुना किया गया है। वहीं अब केजरीवाल सरकार अलर्ट मोड पर है।

गौरतलब है, इससे पहले मार्च में बजट पास कराने के लिए दिल्ली विधानसभा का सत्र बुलाया गया था । उस वक्त भी सदन में सोशल डिस्टेंसिंग से लेकर कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन कराया गया था।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.