अमन और सद्भाव का प्रतीक है रायपुर मंडी में बना ‘श्रीराम मंदिर’

रायपुर। आज प्रभु राम की नगरी अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया है। छत्तीसगढ़ में लगभग ढाई दशक पहले तत्कालीन मंडी बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद अकबर ने अयोध्या में प्रस्तावित डिजाइन का श्री राम मंदिर मंडी में बनवाया था और आज वह पल है जब अयोध्या में श्री राम मंदिर के भव्य मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास हो गया है।

आपको बता दें, अयोध्या में बनने वाले श्री राममंदिर की डिजाइन का भव्य श्री राम मंदिर आज के ढाई दशक पहले जब अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन का शोरगुल शुरू ही हुआ था, तब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बन गया था। इस मंदिर को बनवाने वाले छत्तीसगढ़ सरकार के वर्तमान मंत्री और तत्कालीन रायपुर के मंडी अध्यक्ष मोहम्मद अकबर थे। इस बारे में प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने पोस्ट कर ये जानकारी शेयर की है।

यह भव्य राम मंदिर रायपुर के कृषि उपज मंडी के ठीक सामने है, जिसे तत्कालीन रायपुर के मंडी अध्यक्ष मोहम्मद अकबर ने बनवाया था। मंदिर की डिजाइन वही रखी गयी थी जो राममंदिर आंदोलन के पोस्टरों में दिखाई जाती है। आस्था इतनी अटूट है कि मंदिर निर्माण के बाद से ही साल की दोनों ही नवरात्रियों में मोहम्मद अकबर दीप प्रज्वलित करवाते हैं। यह सिलसिला आज भी निरंतर जारी है।

यह राम मंदिर अयोध्या में प्रस्तावित श्रीराम मंदिर की तर्ज पर ही निर्माण किया गया था। उस वक्त मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अनेकों संत और महात्मा पधारे थे। तब संतों ने भविष्यवाणी की थी कि जब ननिहाल में भगवान श्रीराम का मंदिर बन ही चुका है तो शीघ्र ही अयोध्या में भी प्रभु राम का भव्य मंदिर जरूर बनेगा और देखिए आज वो शुभ घड़ी आ ही गई।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.