Rising Rajasthan: ‘राइजिंग राजस्थान’ का कल करेंगे उद्घाटन PM मोदी, तीन दिन चलेगी ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट

 Rising Rajasthan:  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नौ दिसंबर से शुरू हो रहे ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट 2024 का उद्घाटन करेंगे। शनिवार को PM कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और उद्घाटन भाषण देंगे। कार्यक्रम में स्वागत भाषण CM भजनलाल शर्मा देंगे। इस तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन में 32 देश भाग लेंगे जिसमें 17 देश ‘पार्टनर कंट्री’ होंगे। सम्मेलन में भाग लेने वाले देश के प्रमुख उद्योगपतियों में कुमार मंगलम बिड़ला, अनिल अग्रवाल, गौतम अडाणी, आनंद महिंद्रा, संजीव पुरी, अजय एस. श्रीराम भी शामिल रहेंगे। यह सम्मेलन जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में पांच हजार से ज्यादा गणमान्य व्यक्ति, कारोबार और व्यापार जगत के दिग्गज, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं, निवेशक, प्रतिनिधि और अन्य प्रतिभागी भाग लेंगे।

Read Also: Weather: इन इलाकों में हो सकती है आज बारिश, जानें आने वाले दिनों पर इसका क्या पड़ेगा असर ?

इस सम्मेलन से पहले 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के लिए करार (MOU) किये जा चुके हैं। उद्घाटन सत्र में कुछ प्रतिष्ठित उद्योगपति मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान सरकार के प्रमुख नीतिगत सुधारों और उसके जरिए राज्य में आ रहे बदलाव और कारोबार-व्यापार जगत की व्यावसायिक क्षमता के बारे में अपने-अपने विचार साझा करेंगे।
इस तीन दिवसीय निवेश शिखर सम्मेलन के दौरान प्रतिभागी देशों और राजस्थान के बीच सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए कुल आठ देशों के लिए राष्ट्रीय सत्र और राउंड टेबल का आयोजन भी किया जा रहा है।

सम्मेलन में भाग लेने वाले देशों में 17 देश ‘पार्टनर कंट्री’ हैं, जिनमें डेनमार्क, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, मलेशिया, स्पेन, क्यूबा, वेनेजुएला, मोरक्को, अर्जेंटीना, ब्राजील, कोस्टा रिका, नेपाल, ओमान, पोलैंड और थाईलैंड शामिल हैं।

इस इन्वेस्टमेंट समिट में भाग लेने वाले दूसरे देशों में अमेरिका, यूके, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, मिस्र, फिनलैंड, रूस, सेशेल्स, चाड, इक्वाडोर, घाना, इराक, मेडागास्कर, पैराग्वे और जिम्बाब्वे शामिल हैं। इस तीन दिवसीय सम्मेलन के मुख्य आकर्षणों में उद्घाटन और ‘कंट्री सेशन्स’ के अलावा, प्रवासी राजस्थानी कॉन्क्लेव, एमएसएमई कॉन्क्लेव और 12 क्षेत्रों के लिए थीमैटिक सत्र शामिल हैं।
इन सत्रों में देश और दुनिया के कई विशेषज्ञ, उद्योग और व्यापार जगत के शीर्ष अधिकारी, केंद्र और राजस्थान सरकार के अधिकारी भाग लेंगे और इस दौरान संबंधित विषय से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों, तकनीकी परिवर्तनों और उभरते अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

Read Also: सावधान! सर्दियों में क्यों बढ़ जाते है डिप्रेशन के मामले ? हेल्थ एक्सपर्ट ने कही ये बात

12 थीम आधारित सत्रों में महिला उद्यमिता, विनिर्माण, जल प्रबंधन और स्थिरता, सस्टेनेबल ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, सस्टेनेबल माइनिंग, स्टार्टअप, शिक्षा, सस्टेनेबल वित्त, कृषि-व्यवसाय, पर्यटन और इन्फ्रास्ट्रक्चर और सप्लाई चेन के नाम शामिल हैं। ये सत्र आर्थिक विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए नवाचार, स्थिरता और समावेशिता का लाभ उठाने हेतु राजस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा करेंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन यानी 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य दुनिया भर में फैले हुए प्रवासी राजस्थानी को एक मंच पर लाना और उनके बीच आपसी सहयोग और राजस्थानी होने की भावना को बढ़ावा देना है।
MSME कॉन्क्लेव का आयोजन तीसरे दिन यानी 11 दिसंबर को रखा गया है, जिसमें इस क्षेत्र की भविष्य की चुनौतियों व तैयारी पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण ‘राजस्थान ग्लोबल बिजनेस एक्सपो’ भी है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *