UP : हाथरस का 18 वर्षीय अनुज चौधरी करीब तीन महीने पहले दीक्षा लेने के लिए वृंदावन आया था, परिवार का आरोप है कि आश्रम में मौजूद होने के बावजूद उन्हें उससे मिलने नहीं दिया गया
News Desk : वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े आश्रम को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। उनके शिष्य दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच अभी चल ही रही है कि हाथरस के एक युवक को लेकर परिवार की शिकायत सामने आई है। सादाबाद निवासी 18 वर्षीय अनुज चौधरी करीब तीन महीने पहले प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के लिए वृंदावन आया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिवार के मुताबिक, काफी समय तक उसका कोई संपर्क नहीं हुआ और परिजन उसकी तलाश में आश्रम के चक्कर लगाते रहे।
अनुज के पिता राजवीर का आरोप है कि उनके बेटे ने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। परिवार का कहना है कि आश्रम में मौजूद होने के बावजूद उन्हें अनुज से मिलने नहीं दिया गया और उसकी स्थिति को लेकर भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। अनुज की दादी ने भी कहा है कि अगर उन्हें अपने नाती से मिलने नहीं दिया गया तो वह आश्रम के बाहर ही बैठ जाएंगी। इन आरोपों के बीच युवक की मौजूदगी और परिवार से मुलाकात को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, परिवार के आरोपों पर आश्रम प्रबंधन का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।
Read Also-PM मोदी के प्रयासों की पुतिन ने की तारीफ, बोले- यूक्रेन संकट के समाधान के लिए उनके पास अच्छे आइडिया
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत की पुलिस जांच जारी है। 25 सितंबर को वह वृंदावन स्थित गुरु कृपा कुंज की चौथी मंजिल से गिर गए थे और अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी और शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई गई थी। पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच भी जारी है। रसिक दुलारी के परिवार ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

