Haryana-पंचकूला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की घोषणा, वर्दी, साइकिल और अन्य भत्तों में भी बढ़ोतरी; पहली बार ESI का लाभ भी मिलेगा
News Desk : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण चौकीदारों को दीपावली से पहले बड़ी सौगात दी है। पंचकूला में आयोजित ग्रामीण चौकीदारों के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री ने उनका मासिक मानदेय 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15,221 रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही वर्दी भत्ता, साइकिल भत्ता और जरूरी उपकरणों के लिए मिलने वाली वार्षिक राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्री ने चौकीदारों को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का कार्यक्रम उनकी मेहनत, सेवा और सम्मान को समर्पित है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण चौकीदार गांवों में सुरक्षा और विश्वास के महत्वपूर्ण प्रहरी हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल गांव की निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि वे प्रशासनिक व्यवस्था में भी अहम भूमिका निभाते हैं।Haryana
Read Also: Haryana News: CM सैनी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया लाभ वितरित
मानदेय के साथ इन भत्तों में भी बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब ग्रामीण चौकीदारों को 15,221 रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। यह राशि श्रम विभाग की ओर से अकुशल श्रमिकों के लिए निर्धारित वेतन के बराबर होगी। इसके अलावा वार्षिक वर्दी भत्ता 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है। लाठी, बैटरी, सीटी और छाते के लिए मिलने वाला वार्षिक भत्ता 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये किया गया है। वहीं, साइकिल भत्ता 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये करने का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार ग्रामीण चौकीदारों को कर्मचारी राज्य बीमा यानी ESI का लाभ भी दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें हरियाणा श्रम कल्याण कोष के दायरे में भी शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन घोषणाओं से संबंधित अधिसूचनाएं जल्द जारी करने के निर्देश दिए।Haryana
Read Also: गृहमंत्री अमित शाह ने अंबाला में 1857 में आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का उद्घाटन किया
EPF और सेवानिवृत्ति पर सहायता का भी प्रावधान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकार की ओर से ग्रामीण चौकीदारों के हित में पहले लिए गए फैसलों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में चौकीदारों का मानदेय 3,500 रुपये से बढ़ाकर 7,000 रुपये किया गया था। इसके बाद फरवरी 2024 में इसे बढ़ाकर 11,000 रुपये मासिक कर दिया गया। सरकार ने चौकीदारों को गृह विभाग से विकास एवं पंचायत विभाग में लाने का निर्णय लिया और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए EPF की व्यवस्था की। सेवानिवृत्ति के समय 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में 5,201 पदों पर तैनात ग्रामीण चौकीदार गांवों में होने वाली मृत्यु का रिकॉर्ड परिवार पहचान पत्र पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करने का काम भी कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्च 2019 में शुरू किए गए ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसने देश में चौकीदारों के काम और सामाजिक सम्मान को नई पहचान दी। मुख्यमंत्री ने चौकीदारों से अपील की कि वे गांव लौटकर अपने परिवार और पंचायत को सरकार के फैसलों की जानकारी दें और पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहें।Haryana
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

