AAP के प्रतिनिधिमंडल को नूंह जाने से रोकना राजनीति से प्रेरित :डॉ. सुशील गुप्ता

नूंह, AAP: हरियाणा के नूंह में हिंसा का मामला अब सियासत का खेल बनता जा रहा है। इस मामले पर प्रदेश में अब राजनीति तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने बुधवार को AAP के प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन द्वारा नूंह जाने से रोके जाने को लेकर प्रदेश की मनोहर लाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को नूंह जाने से रोकना राजनीति से प्रेरित है। केवल बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल को इजाजत दी गई, खट्टर सरकार को किस बात का डर है।AAP

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता के नेतृत्व में नूंह के दौरे के लिए गए आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन ने नूंह गुरुग्राम बॉर्डर पर ही रोक दिया। जिसको लेकर AAP के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रशासन द्वारा आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को नूंह जाने की इजाजत न देने को राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि केवल बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल को नूंह जाने की इजाजत दी गई है, लेकिन उन्हें गुरुग्राम नूंह बॉर्डर पर रायपुर में रोक लिया गया। इससे पूर्व आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने नूंह हिंसा में जान गंवाने वाले सोहना के गढ़ी बजिदपुर गांव के होमगार्ड नीरज के परिजनों और हिंसा में घायल लाखूवास गांव के पीड़ित से मुलाकात की। उन्होंने शहीद होमगार्ड परिजनों से मिलकर शोक जताया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया व घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।AAP

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि शहीद होमगार्ड के परिवार को अभी तक कोई भी प्रशासनिक और शासकीय सहायता नहीं मिली है। उन्होंने कहा खट्टर सरकार प्रदेश के लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने खट्टर सरकार से मृतक होमगार्ड को शहीद का दर्जा देने व 1 करोड़ रूपये की सम्मान राशि देने और पत्नी या एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

Read Also: राहुल गांधी प्यार की दुकान में नफरत के सौदागर हैं- अनिल विज

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी नूंह हिंसा में मृतक होमगार्ड नीरज के परिजनों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव मदद करने का प्रयास करेगीI उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार की नाकारा कानून व्यवस्था की वजह से एक ऐसे बेटे की जान गई जिनके पिता चिरंजीवी लाल ने कारगिल युद्ध में मां भारती की रक्षा करते हुए दुश्मनों से लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि मृतक का एक 11 साल का बेटा व एक 8 साल की बेटी है। घर की जीविका मृतक नीरज की तनख्वाह से चलती थी। खट्टर सरकार की तरफ से न तो मुआवजे की कोई बात की गई और न ही उनके परिजनों से मिलने कोई प्रशासनिक अधिकारी आया। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार और प्रशासन ने परिवार की कोई सुध नहीं ली है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश जो आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के लिए जाना जाता था, उस प्रदेश को अमृतकाल में दंगा भेंट किया। भाजपा की खट्टर सरकार मानवीय संवेदनाओं को नोचने वाली गिद्ध बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की हिंसा से प्रभावित लोगों के प्रति सहानुभूति है। उन्होंने लोगों से शांति और भाईचारे बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर और गृहमंत्री अनिल विज की लापरवाही ने प्रदेश का सौहार्द बिगाड़ने का काम किया। हिंसा को रोकने और शांति बनाने के दौरान होमगार्ड ने अपना कर्तव्य निभाते हुए जान न्योछावर कर दी। आम आदमी पार्टी मृतकों और घायलों की हरसंभव मदद करने का प्रयास करेगी।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. Total Tv App

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *