CM नायब सैनी आज सीतो, फाजिल्का में नशा मुक्त पंजाब यात्रा में शामिल हुए । उन्होंने पंजाब सरकार पर नशे के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए और कहा कि युवाओं को नारे नहीं, नशे से मुक्ति, इलाज, रोजगार और सम्मान चाहिए।
न्यूज डेस्क : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को सीतो, फाजिल्का में आयोजित नशा मुक्त पंजाब यात्रा में शामिल हुए। CM ने कहा कि गुरुओं की धरती से शुरू होने वाली यह यात्रा पंजाब को बचाने की जन यात्रा है। सैनी ने कहा कि पंजाब की पहचान प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी के ‘कीरत करो, नाम जपो, वंड छको’ के संदेश से है। उन्होंने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि चार साल बाद भी नशा गांव-गांव तक कैसे पहुंच रहा है। सैनी ने कहा कि पंजाब के नौजवानों को सिर्फ नारे नहीं, बल्कि नशे से मुक्ति, इलाज, रोजगार और सम्मान की जरूरत है।
नशे के आंकड़ों का जिक्र कर पंजाब सरकार पर सवाल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नशे की तस्करी और ड्रग ओवरडोज से होने वाली मौतों का जिक्र करते हुए पंजाब सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में देशभर में ड्रोन के जरिए नशा तस्करी की दर्ज 305 घटनाओं में से 298 पंजाब सीमा से संबंधित थीं। वहीं, एनसीआरबी के वर्ष 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग ओवरडोज से 106 मौतें दर्ज हुईं। CM सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई नशा पीड़ितों से नहीं, बल्कि नशे के सौदागरों से है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने पर नशा पीड़ितों को इलाज, परिवारों को सहयोग और तस्करों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: CM नायब सैनी का चंडीगढ़ में बड़ा बयान, सनातन संस्कृति में छिपा है विश्व की चुनौतियों का समाधान
हरियाणा के अभियान का भी किया जिक्र
सैनी ने कहा कि हरियाणा में हर महीने नशे के खिलाफ अभियान आयोजित किए जाते हैं और ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाया गया है। उनके मुताबिक, नशे की सप्लाई पर कार्रवाई के साथ युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी काम किया गया है। CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशे के खिलाफ लड़ाई को राष्ट्रीय प्राथमिकता दी है और 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ नाम से 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की। सैनी ने पंजाब सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए युवाओं को रोजगार देने का हिसाब भी मांगा। उन्होंने हरियाणा में महिलाओं को 2100 रुपये देने के वादे और भावांतर भरपाई योजना का भी जिक्र किया।
Read Also: Punjab: फिरोजपुर में जमकर बरसे CM सैनी, विकास के मामले में पंजाब को दिखाया आईना
‘नशे के तस्कर या तो काम छोड़ेंगे या देश छोड़ेंगे’
मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार पर नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों के साथ कथित बर्बरता का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि हाल में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक व्यक्ति को डीसी कार्यालय के सामने आत्मदाह की कोशिश तक करनी पड़ी। सैनी ने कहा कि नशे जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने पर नशे के तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और या तो वे नशे का कारोबार छोड़ेंगे या देश छोड़ने पर मजबूर होंगे। उन्होंने युवाओं को ‘डंकी रूट’ से बचाने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से विदेश सहयोग विभाग बनाए जाने का भी जिक्र किया।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

