प्रदीप कुमार – नोट बंदी को लेकर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस और बीजेपी एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने इस फैसले को केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले की जीत बताते हुए विरोधियों को जवाब दिया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने नोटबंदी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि,’क्या बात है, मेजॉरिटी जजमेंट पर खामोश पर माइनॉरिटी पर कह रहे हैं कि थप्पड़ लगा। कांग्रेस पार्टी गरीब विरोधी है। नोटबंदी का सबसे बड़ा फायदा गरीबों को हुआ है।’पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि राहुल गांधी क्या अब आप सॉरी बोलेंगे। कांग्रेस ने नोटबंदी के खिलाफ कैंपेन चलाया था और अब कोर्ट ने इस फैसले को सही माना है।
इधर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बीजेपी की माफी की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अदालत ने अपने फैसले में प्रक्रिया को सही ठहराया है,परिणाम को नहीं।इसी के साथ जयराम रमेश ने नोटबंदी से हुई आर्थिक बदहाली और लोगों की परेशानी का हवाला देकर पीएम मोदी की माफी की मांग की।
Read Also – दिल्ली कंझावला मामला हुआ गरम, पीड़िता के परिवार ने दिल्ली पुलिस की जांच पर उठाये सवाल
इससे पहले पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने तुरंत कहा कि ‘अल्पमत’ के फैसले ने नोटबंदी में ‘अवैधता’ और ‘अनियमितताओं’ की ओर इशारा किया।चिदंबरम ने कहा कि 4-1 के बहुमत से दिए गए फैसले ने इस सवाल को साफ कर दिया है कि क्या नोटबंदी के लक्षित उद्देश्य हासिल किए गए है?
पी चिदंबरम ने कहा कि हमें खुशी है कि अल्पमत के फैसले ने नोटबंदी में अवैधता और अनियमितता की ओर इशारा किया है, यह सरकार पर एक तमाचा है। पी चिदंबरम ने आगे कहा कि असहमति का फैसला अदालत के इतिहास में दर्ज प्रसिद्ध ‘असहमतियों’ में शुमार होगा।
नोटबंदी पर आए सुप्रीम फैसले के बाद बयान जारी कर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह कहना पूरी तरह से गुमराह करने वाली और गलत बात है कि सुप्रीम कोर्ट ने नोटबंदी को जायज ठहराया है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक बयान में कहा कि शीर्ष अदालत ने इस पर फैसला सुनाया है कि क्या रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934 की धारा 26(2) को नोटबंदी की घोषणा से पहले सही ढंग से लागू किया गया या नहीं।जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि नोटबंदी एक बर्बादी वाला फैसला था जिससे आर्थिक रफ़्तार थम गई और लाखों नौकरियां चली गईं।
जयराम रमेश ने कहा कि अदालत के फैसले में यह कहीं भी नहीं कहा गया है कि नोटबंदी के जो उद्देश्य बताए गए थे,वह पूरे हुए या नहीं। बहरहाल नोटबंदी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बीजेपी और कांग्रेस एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं और एक दूसरे पर हमला बोल रहे हैं।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. Total Tv App

