बहादुरगढ़ के स्टेडियमों पर ₹1.52 करोड़ खर्च होंगे, खेल सुविधाओं के विस्तार को एचओए की सिफारिश

Haryana: बहादुरगढ़ हलके में खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के लिए हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (एचओए) ने जिला प्रशासन को सिफारिश भेजी है। प्रस्ताव के अनुसार जिले के कई स्टेडियमों में सिंथेटिक ट्रैक, जिम और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

Read Also- फिल्मों की वीडियो क्लिप का इस्तेमाल करने वाले आलोचकों पर अभिनेत्री कंगना रनौत, युवाओं को गुमराह न करें

प्रस्ताव के तहत बहादुरगढ़ के ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम तथा जाखौदा स्टेडियम में 20-20 लाख रुपये की लागत से बास्केटबॉल के सिंथेटिक कोर्ट बनाए जाएंगे। वहीं साल्हावास में 30 लाख रुपये की लागत से कॉर्फबॉल के लिए सिंथेटिक कोर्ट तैयार होगा। आसौदा में वाटर पोलो खिलाड़ियों की सुविधा के लिए करीब 9 लाख रुपये की लागत से चेंजिंग रूम बनाया जाएगा। इसके अलावा सोलधा और कुलासी में 10-10 लाख रुपये की लागत से ओपन एवं फिक्स्ड जिम स्थापित किए जाएंगे।

Read Also- Delhi: एंटी पेपर लीक बिल अब बना कानून, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी मंजूरी, उल्लंघन करने वालों पर…

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अनिल खत्री की सिफारिश पर यह प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल सुविधाओं का विस्तार करना और खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने डी-प्लान की 10 प्रतिशत राशि खेल सुविधाओं के विकास पर खर्च करने की अनुमति दी है। इसी योजना के तहत जिला उपायुक्त के माध्यम से इन विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। एचओए को उम्मीद है कि इन कार्यों के पूरा होने से झज्जर जिले में खेलों को नई गति मिलेगी और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार केवल खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने का भी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर कम से कम एक खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उनका कहना था कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासित और स्वस्थ जीवन की ओर भी प्रेरित करते हैं।

 (योगेंद्र सैनी)

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *