LJP ने बिहार में 143 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का लिया फैसला, NDA में दरार के आसार

दिल्ली। (रिपोर्ट- ललित कांडपाल) बिहार विधान सभा चुनाव 2020 को लेकर सभी पार्टियां पूरी तैयारी में लगी हुई हैं। बिहार के राजनीतिक गलियारे से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है कि एनडीए घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी(लोजपा) ने राज्य की 143 विधान सभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला कर लिया है। ये फैसला आज बिहार चुनाव में गठबंधन की स्थिति को लेकर दिल्ली में हुई लोजपा की बिहार इकाई के संसदीय बोर्ड की बैठक में हुआ है। यह बैठक लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और बिहार लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष राजू तिवारी की मौजूदगी में हुई है। वहीं लोजपा के इस फैसले से एनडीए में दरार के आसार लग रहे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एनडीए घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी ने बिहार विधान सभा चुनाव 2020 में राज्य की 143 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है। आज लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के आवास पर बिहार संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में बिहार संसदीय बोर्ड के सदस्यों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी मौजूद थे। बैठक में सभी सदस्यों ने अपनी राय बिहार में होने वाले विधान सभा के चुनाव के लिए रखी। बिहार संसदीय बोर्ड की बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें से इस बात पर भी चर्चा हुई है कि पार्टी को 143 विधान सभा सीट पर प्रत्याशियों की सूची बनाकर जल्द ही केंद्रीय संसदीय बोर्ड को दे देनी है। इस पर अंतिम निर्णय केंद्रीय संसदीय बोर्ड लेगा। संसदीय बोर्ड में जिस प्रकार प्रधानमंत्री को कालिदास कहा गया था बैठक में उस पर भी चर्चा हुई है और निंदा प्रस्ताव पारित किया गया है। बिहार चुनाव में गठबंधन में क्या तय होता है वह सभी फैसले चिराग पासवान को लेने हैं। यह प्रस्ताव भी आज की बैठक में पास हुआ है।

गौरतलब है, बिहार में विधान सभा सीटों की कुल संख्या 243 है और राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में घटक दलों के द्वारा अपने-अपने प्रत्याशियों को उतारने के लिए एनडीए में सीटों को लेकर पेंच अभी फंस सकता है। क्योंकि एक ओर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहले ही ये ऐलान कर चुके हैं कि एनडीए द्वारा बिहार का विधान सभा चुनाव 2020 प्रदेश के मुख्यमंत्री व जदयू प्रमुख नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, वहीं अब लोजपा ने बिहार की 143 विधान सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर दिया है। बता दें, पिछली बार राज्य की केवल 40 सीटों पर ही लोजपा चुनाव लड़ी थी। फिलहाल अब आगे ये देखना दिलचस्प होगा कि लोजपा के राज्य की 143 सीटों पर प्रत्याशी फाइनल करने के ऐलान पर बीजेपी और जदयू किस तरह देखते है और क्या प्रतिक्रिया सामने आती है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, प्रदेश की सियासत उतनी ही गरमा रही है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.