बिहार विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए दो दिन के दौरे पर चुनाव आयोग की टीम

चुनाव आयोग की टीम आगामी बिहार विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आज पटना पहुंचेगी। टीम में उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन और चंद्रभूषण कुमार शामिल हैं।

 

अक्टूबर–नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग की टीम का यह पहला दौरा है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 29 नवंबर को समाप्त होने वाला है। दो दिवसीय यात्रा के दौरान, ईसीआई टीम पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और बोधगया में विभिन्न जिलों के डीएम और एसपी के साथ बैठक करेगी।

 

निर्वाचन विभाग ने रविवार को इस बैठक की जानकारी देने के लिए सभी संबंधित प्रमंडलीय आयुक्तों, आईजी और डीआईजी को पत्र जारी कर दिया था। रविवार को निर्वाचन विभाग में भी काफी चहल–पहल रही, सभी अधिकारी सुबह से ही बैठकों की तैयारियों में लगे रहे।

पटना पहुंचने के तुरंत बाद, टीम मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होगी जहां वे दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी सहित 12 जिलों के संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर में वे पटना में नालंदा, भोजपुर और बक्सर सहित सात जिलों के डीएम और एसपी के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

 

इसके बाद ईसीआई की टीम पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक करेगी। कल, ईसीआई टीम भागलपुर और बोधगया में समीक्षा बैठक करेगी। दिल्ली लौटने से पहले वे पटना में मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

 

 

 

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *