नीट पेपर लीक घोटाला- 24 जून को संसद घेराव करेगी एनएसयूआई

UGC-NET June 2024:नीट घोटाले को लेकर कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई पीड़ित छात्रों के समर्थन में आगामी 24 जून को संसद का घेराव करेगी।नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए एनएसयूआई अध्यक्ष वरुण चौधरी ने एनटीए को बैन करने, नीट परीक्षा दोबारा कराने और धांधली में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
वरुण चौधरी ने कहा, नीट घोटाले को लेकर कांग्रेस और एनएसयूआई लगातार आवाज उठा रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेपर लीक और धांधली की बात से साफ इनकार कर दिया। जबकि बिहार में कुछ बच्चों ने ये कबूल किया है कि उन्हें परीक्षा से पहले ही पेपर मिल गए थे यानी यह घोटाला ग्रेस मार्क्स तक सीमित नहीं है, लेकिन फिर भी धर्मेंद्र प्रधान लगातार एनटीए को बचा रहे हैं। कांग्रेस और एनएसयूआई ने बीती सात जून को एनटीए के ऊपर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की थी, लेकिन हैरानी की बात ये है कि खुद पर लगे आरोपों की जांच खुद एनटीए ही कर रही है। यही नहीं, नीट धांधली के मामले में गुजरात पुलिस ने जो गिरफ्तारियां की थीं, उन्हें ब्लैंक चेक्स भी मिले हैं। ये ब्लैंक चेक बच्चों से नंबर बढ़वाने के नाम पर लिए गए थे।
वरुण चौधरी ने कहा, 2017 में जब भाजपा सरकार एनटीए लेकर आई थी तो कहा था इससे परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। अब तो हमें यह भी शक होता है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान खुद ही एनटीए के साथ पेपर लीक कांड में शामिल हैं। क्योंकि वे 24 लाख बच्चों का भविष्य दांव पर लगाकर एनटीए को बचाने में लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीट की धांधली पर खामोश हैं। यही प्रधानमंत्री एग्जाम से पहले परीक्षा पर चर्चा करते हैं। अब उन्हें पेपर लीक पर चर्चा करनी चाहिए।
वरुण चौधरी ने कहा, एनएसयूआई के कुछ साथी नीट के छात्रों के साथ शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के घर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के कुछ देर बाद पुलिस ने उनके ऊपर एफआईआर दर्ज कर दी। असल में जो एफआईआर एनटीए पर होनी चाहिए थी, वो एनएसयूआई नेताओं पर कर दी गई है। सरकार चाहती है कि एनएसयूआई छात्रों का साथ न दे। उन्होंने कहा, 21 जून को कांग्रेस ने छात्रों के समर्थन में देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। वहीं 24 जून को एनएसयूआई संसद का घेराव करेगी। इस दौरान उनके साथ एनएसयूआई दिल्ली प्रभारी हनी बग्गा और रवि पांडे भी मौजूद थे।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *